Breaking News
जम्मू कश्मीर ।
श्रीनगर के महाराजा हरि सिंह अस्पताल में आतंकियों ने गिरफ्तार किए गए पाकिस्तानी आतंकी नावेद को छुड़ाने के लिए आज हमला कर दिया। हमले में दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इस बीच, नावेद भी पुलिस की गिरफ्त से भागने में सफल रहा। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर तलाशी अभियान चलाया है। घटना सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे की है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ पुलिस के जवान सेंट्रल जेल से छह कैदियों को जांच के लिए एसएमएचएस अस्पताल की इमरजेंसी में लाए थे। इनमें दो आतंकी भी शामिल थे। अचानक गोलियां चलने की आवाज हुई, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान एक की अस्पताल में मौत हो गई। बाद में दूसरे पुलिसकर्मी की भी मौत हो गई।
अबु हंजुला उर्फ नवीद।
साल 2015 में पुलिस ने लश्कर के आतंकी नावेद उर्फ अबु हंजुला को हिरासत में लिया था। मंगलवार को पुलिस उसे जांच के लिए लाई थी। वहां पर पहले से ही दो से तीन आतंकी छुपे हुए थे, जो कि उसे छुड़ाने के लिए आए हुए थे। उन्होंने पुलिस कर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। वहीं, नावेद ने पुलिस कर्मी से ही उसकी राइफल छीन ली और गोली चलाकर भाग गया। जब तक पुलिस संभल पाती, गिरफ्तार आतंकी नावेद और हमलावर आतंकी वहां से भाग गए।
वहीं, सुरक्षाबलों ने पूरे अस्पताल को घेरे में ले लिया है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस को शक है कि फरार आतंकी इसी क्षेत्र में हो सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार नावेद लश्कर के वसीम गुट का है और 2014 के चुनावों में नागबल में उसने एक शिक्षक की हत्या भी की थी। उसने एक एएसआई की भी हत्या की थी। वह अन्य कई हमलों में भी शामिल था।