img

Breaking News

     

    चंडीगढ़ । 

    Haryana Cabinet Extension भाजपा-जजपा सरकार में 10 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण आर्य ने छह कैबिनेट और चार राज्‍यमंत्रियों (स्‍वतंत्र प्रभार) को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। वरिष्‍ठ भाजपा नेता अनिल विज ने सबसे पहले शपथ ग्रहण किया। उन्‍होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में पद और गाेपनीयता की शपथ ली। कैबिनेट में महिला मंत्री के रूप में कमलेश ढांडा को शामिल किया गया है। उनको राज्‍यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।

    कैबिनेट में भाजपा के आठ मंत्री शामिल किए गए हैं। ए‍क निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला और जननायक जनता पार्टी के अनूप धानक को मंत्री बनाया गया है। मनोहरलाल कैबिनेट में अब सीएम व डिप्टी सीएम सहित 12 मंत्री हो गए हैं।

     

     

    विस्‍तार के बाद कैबिनेट की बैठक शुरू

    नए मंत्रियों को शामिल किए जाने के बाद कैबिनेट की बैठक शुरू हुई। बैठक अभी चल रही है। इसकी अध्‍यक्षता मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल कर रहे हैं। बैठक में उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला सहित सभी मंत्री मौजूद हैं। बताया जाता है कि बैठक में मंत्रियों के कार्यकलाप और आगे की रणनीति पर चर्चा हो रही है। 

    अनिल विज, कंवरपपाल गुर्जर, रणजीत चौटाला और डॉ बनवारीलाल बने कैबिनेट मंत्री

    पूर्व विधानसभा स्‍पीकर कंवरपाल गुर्जर ने दूसरे नंबर पर कैबिनेट मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद मूलचंद शर्मा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। चौथे स्‍थान पर निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण किया।

    इसके बाद भाजपा के विधायक जयप्रकाश (जेपी) दलाल ने मंत्री पद की शपथ ली। अब तक शपथ लेने वाले वह पांचवें मंत्री हैं। इसके बाद भाजपा के डॉ. बनवारी लाल ने शपथ ली। इन सभी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

    कमलेश ढांडा एकमात्र महिला मंत्री, संदीप सिंह और अनूप धानक भी बने मंत्री

    इसके बाद राज्‍यमंत्रियों को शपथ दिलाई गई। राज्‍यमंत्रियों में सबसे पहले ओमप्रकाश यादव ने शपथ ग्रहण किया। इसके बाद कलायत से भाजपा की विधायक कमलेश ढ़ांडा ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। मंत्रियों के शपथ ग्रहण करने से पहले उनके समर्थकों ने नारेबाजी भी की।

     

    इसके बाद जननायक जनता पार्टी के अनूप धानक ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद भाजपा के संदीप सिंह ने शपथ ग्रहण किया। संदीप सिंह ने पंजाबी में शपथ ली। संदीप सिंह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्‍तान हैं।

     

     इससे पहले समारोह में राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण आर्य पहुंचे और शपथ ग्रहण का क्रम शुरू हुआ। मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल और उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला भी समरोह में पहुंचे। समारोह में कई पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता भी मौजूद थे।सुबह करीब साढ़े 11 बजे से ही शपथ ग्रहण समारोह के लिए नेताओं का आना शुरू हो गया था। समरोह में भाजपा और जजपा के विधायकों सहित वरिष्‍ठ नेता भी पहुंचे हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला सहित कई पूर्व मंत्री समारोह में मौजूद रहे।

     

    ये हैं नए मंत्री-

    कैबिनेट मंत्री : अनिल विज, कंवरपाल सिंह गुर्जर, मूलचंद शर्मा, निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह, जेपी दलाल, डॉ. बनवारी लाल।

     

    राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) : ओमप्रकाश यादव , कमलेश ढांडा, संदीप सिंह, जजपा से अनूप धानक।

    जजपा विधायकों की शपथ ग्रहण से पहले हुई बैठक

    दूसरी ओर, शपथ ग्रहण समारोह से पहले जननायक जनता पार्टी के विधायकों और नेताओं की बैठक हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, प्रधान महासचिव केसी बांगड़ मौजूद रहे।

     

    17 दिन के लंबे अंतराल के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार

    इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक, निर्दलीय विधायकों से चर्चा तथा रात्रिभोज के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंत्री बनाए जाने वाले विधायकों को फोन कर राजभवन में शपथ लेने का निमंत्रण दिया। छठी बार विधायक बने अनिल विज और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर का पहले से ही मंत्री बनना तय था। दोनों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सबसे पहले फोन कर मंत्री पद की शपथ लेने का निमंत्रण दिया।

     

    शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा नेता और टिक टॉक गर्ल सोनाली फौगाट।

    तीन मंत्री दक्षिण हरियाणा से, एक कृष्‍णपाल गुर्जर और दो राव इंद्रजीत समर्थक

    पिहोवा के विधायक एवं भारतीय हाकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह, बल्लभगढ़ के विधायक पंडित मूलचंद शर्मा और नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव को भी बृहस्पतिवार को मंत्री बनाया गया है। पिछली सरकार में मंत्री रहे बावल के विधायक बनवारी लाल भी मंत्री बने।

    दक्षिण हरियाणा में दो केंद्रीय राज्य मंत्रियों राव इंद्रजीत तथा कृष्णपाल गुर्जर की पसंद के तीन मंत्री मनोहर लाल की कैबिनेट में बने। मूलचंद शर्मा केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा ओमप्रकाश यादव व बनवारी लाल केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत की पसंद के हैं।केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत नांगल चौधरी के विधायक अभय सिंह यादव का नाम मंत्री पद की लिस्ट से कटवाने में कामयाब रहे।

    मंत्रियों के रूप में इन विधायकों ने शपथ ली है-

     

    अनिल विज- अंबाला कैंट से विधायक।

     

    कंवर पाल गुर्जर- यमुनानगर के जगाधरी।

     

    मूलचंद शर्मा- बल्लभगढ़ से विधायक।

     

    रणजीत सिंह- रानियां से विधायक।

     

    जेपी दलाल- लोहारु से विधायक।

     

    बनवारी लाल- बावल से विधायक।

     

    हरियाणा मंत्रिपरिषद में राज्यमंत्री के रुप में इन विधायकों ने ली शपथ

     

    ओमप्रकाश यादव- नारनौल के विधायक।

     

    कमलेश ढांडा- कलायत की विधायक।

     

    संदीप सिंह- पेहवा के विधायक।

     

    अनूप धानक- उकलाना के विधायक।