Motihari: Four people have died and more than five have been injured after a boiler exploded in an NGO's kitchen in Sugauli, early morning today. Injured have been admitted to hospital.
Breaking News
Big Breaking | 16-11-2019
पूर्वी चंपारण।
जिले के सुगौली प्रखंड में बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें चार से ज्यादा मजदूरों की मौत की खबर है। शनिवार की अहले सुबह लगभग चार बजे यहां मिड डे मील का खाना बनाते समय अचानक ब्वॉयलर फट गया। मृतकों की संख्या का अभी सही पता नहीं चल सका है क्योंकि शवो के चीथड़े उड़ गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतकों की अनुमानित संख्या चार से छह के बीच बताई जा रही है।
खाना बनाने के दौरान फटा ब्वॉयलर
जानकारी के मुताबिक सुगौली प्रखंड क्षेत्र के बंगरा गुमटी के समीप शनिवार की सुबह सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मध्यान भोजन की सप्लाई करनेवाले एनजीओ के रसोईघर का बॉयलर फट गया। इस विस्फोट में चार से अधिक मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। वहीं तीन मजदूर गंभीर रूप से जख्मी है।
धमाका इतना जोरदार था कि मकान के परखच्चे उड़ गये। धमाके की आवाज सुन कर आसपास के लोग सहम गये। सुबह-सुबह मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि हादसे में चार से अधिक मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गयी है, जबकि पांच से ज्यादा लोग हादसे में घायल हो गये हैं।
गंभीर रूप से जख्मी मजदूर पीपराकोठी थाना क्षेत्र के मुदाचक निवासी विजय राय को बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे हैं। साथ ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
मृत मजदूरों के शव क्षत-विक्षत पाए गए हैं। बताया जाता है कि सभी मजदूर स्कूलों में एमडीएम के लिए भोजन पका रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ पूर्व वन एवं पर्यावरण मंत्री विधायक रामचंद्र सहनी भी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
धमाका इतना जोरदार था कि कई शवों के चीथड़े सड़क पर बिखरे पड़े हैं। अहले सुबह हुई इस घटना के बाद चीख-पुकार मच गई, लेकिन कोई किसी की मदद कर पाने में सक्षम नहीं हो पा रहा था। घटनास्थल पर पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे हैं।