Breaking News
Big Breaking | 19-12-2019
नई दिल्ली।
CAB Delhi Protest LIVE : नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act 2019) के विरोध में बृहस्पतिवार सुबह से दिल्ली के कुछ इलाकों में प्रदर्शन जारी है। इस बीच लाल किला के पास स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव और जेएनयू देशद्रोह मामले में आरोपित उमर खालिद समेत कई प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह यहां पर प्रदर्शन की कोशिश कर रहे थे, जबकि सुबह से धारा 144 लागू है। इसी के साथ लाल किला के पास से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी ले लिया गया है। इसी के साथ दिल्ली के कुछ इलाकों में एयरटेल की इंटरनेट सेवा भी बाधित हो गई है। फोन कॉल के साथ इंटरनेट भी बंद है।
बता दें कि लाल किला के पास सुबह से धारा 144 लागू है। ऐसे में नियम तोड़ने पर कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसी के साथ दिल्ली के मंडी हाउस से जंतर मंतर तक प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई है, जो दोपहर 12 बजे होना है। बता दें कि दिल्ली के कई इलाकों में प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इसी कड़ी में लाल किला के आसपास के अलावा, मंडी हाउस और उत्तर पूर्वी दिल्ली में धारा 144 लागू की गई है।
CAB Delhi Protest LIVE :
#WATCH Large number of protesters in Delhi's Red Fort area where Section 144 has been imposed.
थानाध्यक्ष ही अब लगा सकेंगे धारा 144
स्पेशल ब्रांच ने सभी 15 जिले की डीसीपी से कहा है कि जो भी संवेदनशील इलाके हैं। वहां अधिक से आधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। गश्त बढ़ाकर पैनी नजर रखी जाए। अमन कमेटियों से बात करने के साथ ही घोषित अपराधियों पर नजर रखी जाए। अगर किसी थानाध्यक्ष को लगता है कि उनके इलाके में कोई उपद्रव हो सकता है, तो वे डीसीपी को सूचित कर खुद भी धारा 144 लगा सकते हैं।
प्रदर्शन को जेएनयू के छात्र कन्हैया कुमार ने भी किया संबोधित
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में बुधवार को लगातार छठे दिन सीएए और एनआरसी के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहा। न्यू फ्रैंडस कॉलोनी (एनएफसी) में प्रदर्शनकारियों को जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने भी संबोधित किया। इधर शाहीन बाग में भी प्रदर्शनकारी डटे रहे। यहां प्रदर्शनकारियों को भीम आर्मी ने समर्थन दिया। दोनों ही जगह चल रहे प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ बच्चे भी पहुंच रहे हैं।
जामिया के गेट नंबर संख्या-7 पर बुधवार को सुबह से ही प्रदर्शनकारी जुटने शुरू हो गए थे। लोगों ने दिन भर सरकार और सीएए के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। अपनी कविता से मशहूर हुए दिल्ली आइआइटी के नवीन चौरे ने भी लोगों को संबोधित किया। देर शाम जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार भी पहुंचे और लोगों को संबोधित किया। कन्हैया ने लोगों से कहा कि फासीवादी सरकार को हम मिलकर गिरा देंगे। इधर जामिया नगर के शाहीन बाग जामिया और जेएनयू के छात्रों की अगुआई में प्रदर्शन जारी रहा। वहीं, भीम आर्मी के दिल्ली प्रभारी सुरजीत सम्राट और प्रवक्ता राहुल नागर भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने धरनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान दोनों ने बीजेपी और आरएएस पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस नेता उदित राज ने भी किया विरोध
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बुधवार को जंतर-मंतर पर परिसंघ की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पूर्व सांसद व कांग्रेस नेता उदित राज ने शामिल होकर केंद्र सरकार के फैसले का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह कानून संविधान के अनुच्छेद 14 को निषेध करता है। इस कानून को पास कर संविधान पर हमला किया गया है। उन्होंने सरकार द्वारा कानून को वापस लेने की मांग करते हुए इसे जनविरोधी कानून करार दिया। साथ ही कहा कि इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को पुलिसिया दमन का सामना करना पड़ रहा है।
जामिया हमदर्द में भी शुरू हुआ प्रदर्शन
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन का सिलसिला थम नहीं रहा है। जामिया मिल्लिया के बाद अब जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय में प्रदर्शन शुरू हो गया है। बुधवार को एमबी रोड पर स्थित परिसर में करीब 900 छात्र एकत्र हुए और सीएए के विरोध में प्रदर्शन किया। यहां के छात्र मोहम्मद आकिब ने बताया कि उन्हें नए नागरिकता कानून पर आपत्ति है। प्रदर्शन में विवि के टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ के साथ ही अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष भी शामिल हुए। प्रदर्शन का आयोजन विवि की छात्र नीलोफर के नेतृत्व में किया गया।