Breaking News
Big Breaking | 24-12-2019
पुंछ।
देश के कई राज्यों में हो रहे नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के बीच सोमवार को पाकिस्तान की खतीजा प्रवीण भारतीय बन गई। जम्मू संभाग के पुंछ जिले में ब्याही गई पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के हेजरो अटक क्षेत्र की रहने वाली खतीजा का 39 साल का लंबा इंतजार खत्म हुआ। पुंछ के जिला विकास आयुक्त राहुल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से पंजीकृत भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र खतीजा को सौंपा। भारतीय नागरिक बनने पर खतीजा और उसके पति मुहम्मद ताज खान की खुशी का ठिकाना नहीं है।
वर्ष 1980 में खतीजा का पुंछ में रहने वाले अपने चाचा के बेटे मुहम्मद ताज खान से निकाह हुआ और वह वीजा लेकर ससुराल आ गई। उसके बाद वह हर साल अपना वीजा व पासपोर्ट की अविध को बढ़वाती रही। इस बीच, उनके तीन बच्चे भी हुए और परिवार नागरिकता हासिल करने के लिए आवेदन करता रहा, लेकिन नागरिकता नहीं मिली।
1947 के दौरान चले गए थे पाकिस्तान
खतीजा के पति मुहम्मद ताज खान ने बताया कि हमारे अब्बू दो भाई थे। हमारे ताया फतेह मुहम्मद 1947 को बंटवारे के दौरान पाकिस्तान चले गए। वहां जाकर वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के हेजरो क्षेत्र में बस गए। 1980 में हमें पता चला की ताया फतेज मुहम्मद पाकिस्तान के हेजरो क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। हमारा परिवार वीजा लेकर उनसे मिलने के लिए वहां चला गया। वहां हमारे ताया ने अपनी बेटी खतीजा प्रवीण का निकाह मुझसे करवाया।
हमारा परिवार खतीजा को लिए बिना ही पाकिस्तान से वापस पुंछ पहुंच गया। तीन वर्षो तक हम खतीजा को पुंछ में लाने के लिए दस्तावेज तैयार करवाते रहे। 1983 में मैं व मेरा बड़ा भाई फिर से पाकिस्तान गए और वहां से खतीजा को लेकर पुंछ पहुंचे। खतीजा का वीजा लगा था और पासपोर्ट भी पाकिस्तान का था। इस कारण भारत में उसे कोई अधिकार नहीं मिले। हम हर वर्ष वीजा और पासपोर्ट की अवधि बढ़ाते रहे।
दिल्ली से लेकर कश्मीर तक काटते रहे चक्कर
वर्ष 2000 में हमने खतीजा को नागरिकता दिलाने के लिए आवेदन किया, लेकिन नागरिकता नहीं मिली। वर्ष 2014 में धारा 5 (1) (सी) के तहत नागरिकता के लिए फिर से आवेदन किया और फिर भी हमारी फाइल अटकी रही। हम नागरिकता हासिल करने के लिए कभी दिल्ली, कभी जम्मू तो कभी कश्मीर के चक्कर काटते रहे। ऐसे में अब जाकर खतीजा को भारतीय नागरिकता मिली है।
पुंछ के जिला आयुक्त राहुल यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से भेजे गए भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र को खतीजा को सौंप दिया गया है।
हज पर जाएंगे दोनों मियां बीवी
मुहम्मद ताज ने कहा कि अब खतीजा का पासपोर्ट भारत का बनेगा और उसी पर हम दोनों मियां-बीवी हज के लिए जाएंगे। वहां खुदा का शुक्रिया अदा करेंगे। इसके साथ अब खतीजा भारत के पासपोर्ट पर पाकिस्तान में अपने परिवार से मिलने भी जा सकेगी।
औचित्यहीन है विरोध
देश में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जारी विरोध पर खतीजा ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह बिल लाकर उन लोगों की समस्याएं दूर कर दी हैं जो कई दशकों से भारत की नागरिकता के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कानून से लोगों को नया जीवन मिलने वाला है, यह आने वाले दिनों में सभी को पता चलेगा।